मजलिस से पूर्व पूरा कराएं फ्लाईओवर निर्माण
नजीबाबाद (बिजनौर)। जोगीरम्पुरी दरगाह कमेटी ने केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी से 10 मई 2018 से पूर्व गढ़मलपुर फ्लाईओवर निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की। दरगाह कमेटी ने मजलिस में आने वाले जायरीनों की सुविधा के लिए ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगवाने तथा क्षेत्र में आईटीआई की स्थापना कराने की भी मांग केंद्रीय मंत्री को सौंपी।
नजफ-ए-हिंद जोगीरम्पुरी दरगाह कमेटी के सचिव विसाल मेंहदी जैदी ने केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी को 10 मई 2018 से जोगीरम्पुरी में शुरू होने वाली चार दिवसीय सालाना मजलिस की तैयारियों की जानकारी दी। दरगाह कमेटी के सचिव विसाल मेंहदी ने नजीबाबाद-जोगीरम्पुरी के करीब एक किलोमीटर खस्ताहाल संपर्क मार्ग तथा गढ़मलपुर फ्लाईओवर का अधूरा काम मजलिस से पूर्व पूरा कराने के लिए रेलमंत्रालय और सेतु निगम को निर्देश देने का केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन सौंपा।
दरगाह कमेटी की ओर से चार रोजा सालाना मजलिस में आने और वापस जाने वाले जायरीनों की सुविधा के लिए लखनऊ दिशा से आवागमन करने वाली ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगवाने की मांग की। दरगाह कमेटी सचिव ने अल्पसंख्यक कल्याण कोटे से जोगीरम्पुरी क्षेत्र में आईटीआई प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना कराने की केंद्रीय मंत्री से मांग की। दरगाह कमेटी की ओर से इसरार जैदी, मोज्जिस अब्बास नकवी, कमाल आब्दी, अली अरशद, मसूद हसन नकवी, जिया अब्बास, मौलाना आबिद मेहदी ने दरगाह आने वाले जायरीनों की समस्याओं से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया।