अफजलगढ़ । पुलिस ने खनन करने के आरोप में डेढ़ दर्जन से ज्यादा बैलगाड़ियों को पकड़कर कोतवाली में खड़ा कर दिया। पुलिस पर ज्यादती करने का आरोप लगाते हुए बैलगाड़ी चालकों ने जमकर हंगामा किया।
रविवार सुबह भज्जावाला रामगंगा घाट पर पुलिस को बैल बुग्गियों से खनन करने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डेढ़ दर्जन से ज्यादा बुग्गियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी बैलगाड़ी चालक खनन कर रेता बेचने का काम करते हैं। पिछले कई दिनों से शिकायत मिल रही थी। वहीं बैलबुग्गी चालकों का आरोप है कि खनन के नाम पर उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। वह जरूरत के लिए रेत ले जा रहे थे। उन्हें नाजायज परेशान किया जा रहा है। बुग्गी चालकों ने डीएम से हस्तक्षेप कर जरूरत के लिए रेत ले जाने में रियायत करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने खनन के आरोप में विजेंद्र, बंसी, जयपाल, सकील, जावेद, रफीक, शहनवाज, इरशाद, नावेद, फिरासत, अब्दुल मजीद, रईस अहमद, असलम, मोहम्मद शुऐब, मीनू, इदरीश रहे। उधर, कोतवाल प्रेमवीर राणा का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अग्रिम कार्रवाई तहसील प्रशासन को करनी है।