निकाय चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न होने पर प्रशासन ने ली राहत की सांस
बिजनौर। जिले में निकाय चुनाव शांति पूर्ण संपन्न हुआ। इसी के साथ प्रशासन ने राहत की सांस ली है। कई दिन से चुनाव भागदौड़ में लगे प्रशासनिक अमले के चेहरों पर मतदान के बाद सुकून दिखाई दिया। प्रशासन की निगाह अब मतगणना पर रहेगी।
निकाय चुनाव में जिले की 12 नगरपालिकाओं व छह नगरपंचायत के लिए बुधवार को वोट पड़े। प्रशासन पिछले करीब एक माह से रात दिन चुनाव की तैयारी में लगा था। निकाय चुनाव निष्पक्ष व शांतिपूर्वक कराना प्रशासन के लिए चुनौती माना जा रहा था। डीएम व एसपी चुनाव को निष्पक्ष कराने के लिए चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुपालन में व्यवस्थाओं को चाक चौबंद करने में लगे थे। डीएम ने चुनाव ड्यूटी में लगे अधिकारियों की ताबड़तोड़ बैठक करके चुनाव को निष्पक्ष कराने के लिए काई कसर नहीं छोड़ी। डीएम तथा एसपी मतदान केंद्रों का सुबह से ही लगातार दौरा करते रहे। मतदान केंद्रों के सिवाय प्रशासन ने नगरपालिका व नगरपंचायतों की सीमाओं पर पूरी चौकसी रखी। पुलिस ने मतदान अवधि में कही भी भीड़ को इकट्ठा नहीं होने दिया। सड़कों पर वाहन इक्का-दुक्का दिखाई दिए। सार्वजनिक अवकाश होने से बाजार बंद रहे। प्रशासन की योजना चुनाव शांतिपूर्वक कराने में मददगार रही। डीएम व एसपी की जुगलबंदी रंग लाई। प्रशासन कसौटी पर खरा उतरा। नतीजतन आशंकाओं को खारिज करते हुए मतदान के दौरान पत्ता तक नही खड़का। मतदान ड्यूटी से लौटे अधिकारी मतदान शांतिपूर्वक होने से खुश थे। अब प्रशासन मतगणना के लिए व्यवस्थाओं का ताना बाना बुनने पर लगेगा।