अमरोहा पालिका व नौगावां सादात नगर पंचायत में चेयरमैन पद के दो-दो नामांकन दाखिल
फोटो-32 से 34 तक
- पालिका अमरोहा से रुखसाना और सरताज बेगम ने कराया अपना नामांकन
- नपं नौगावां सादात से दिलनवाज बानो और राहिल फात्मा ने जमा किया नामांकन पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा। जिले में चल रही निकाय चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के चौथे दिन अमरोहा नगर पालिका से दो प्रत्याशियों ने चेयरमैन पद को नामांकन दाखिल किया। इसमें एक पार्टी प्रत्याशी है, तो दूसरा निर्दलीय। अध्यक्ष पद के दो पर्चे बिके। उधर, नौगावां सादात नगर पंचायत चेयरमैन पद को दो निर्दलीय उम्मीदवारों ने नामांकन किया। जोया नगर पंचायत से चेयरमैन पद को कोई नामांकन नहीं हुआ। वार्ड मेंबरों के पर्चे बिकने व जमा करने का सिलसिला जारी है।
शनिवार को स्टेडियम जीआईसी में चल रही नामांकन प्रक्रिया के चौथे दिन अमरोहा पालिका चेयरमैन के दो पर्चों की बिक्री हुई। रुखसाना ने राष्ट्रवादी कांग्रेस (जे) पार्टी व सरताज बेगम ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चेयरमैन पद के लिए नामांकन दाखिल किया। सभासद पद के 22 पर्चे बिके। जबकि, 19 जमा हुए। जोया नगर पंचायत चेयरमैन पद के चार व सभासद पद के लिए 10 पर्चों की बिक्री हुई। सभासद के पांच नामांकन पत्र जमा किए गए। नौगावां सादात नगर पंचायत चेयरमैन पद के लिए दिलनवाज बानो व राहिल फात्मा ने नामांकन किया। दोनों ही निर्दलीय उम्मीदवार हैं। एक नामांकन पत्र चेयरमैन पद का बिका। सभासद पद के सात नामांकन पत्र बिके और सात ही जमा किए गए।
पोर्टल पर नहीं पार्टी का नाम, उलझन में पड़े कर्मी
अमरोहा। नगर पालिका परिषद अमरोहा से चेयरमैन पद के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस (जे) पार्टी से रुखसाना खातून ने नामांकन किया है, जिसको लेकर कर्मचारी उलझन में पड़ गए। उसकी फीडिंग टेढ़ी खीर हो गई, क्योंकि इस नाम की पार्टी चुनाव आयोग के पोर्टल पर नहीं है। इसलिए अभी कर्मियों ने उसको निर्दलीय मानकर नामांकन पत्र वेबसाइड पर अपलोड कर दिया है।