नामांकन पत्रों की जांच करते अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच में 14 पर्चे निरस्त किए गए हैं। अब 106 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। धामपुर और बढ़ापुर विधानसभा में नामांकन पत्रों की जांच देर शाम तक चलती रही।
सोमवार को आठों विधानसभा में नामांकन पत्रों की गहराई से जांच पड़ताल की गई। इस दौरान बिजनौर विधानसभा में निर्दलीय प्रत्याशी अब्दुल कादिर व निपेंद्र सिंह का पर्चा निरस्त कर दिया गया। अब्दुल कादिर के शपथ पत्र पर उनके हस्ताक्षर नहीं थे। निपेंद्र सिंह के शपथ पत्र पर हस्ताक्षर न होने के साथ उनके प्रस्तावक कम थे। वे वोटर लिस्ट की प्रमाणित कापी भी नहीं लाए थे। चांदपुर में कांग्रेस प्रत्याशी शेरबाज पठान की पत्नी जीनत परवीन का पर्चा भी निरस्त कर दिया गया। उनके प्रारूप अपूर्ण थे। जीनत परवीन ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरा था। नूरपुर विधानसभा में वंचित समाज पार्टी की प्रत्याशी वहाजुद्दीन का पर्चा दो प्रस्तावक कम होने के कारण निरस्त हो गया। किसान शक्ति जनतांत्रिक पार्टी के प्रत्याशी असलम खान का पर्चा भी कम प्रस्तावक होने के कारण निरस्त हुआ। नजीबाबाद विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी इरशाद का पर्चा दो प्रस्तावक कम होने के कारण, निर्दलीय प्रत्याशी नईमुद्दीन का पर्चा शपथ पत्र दाखिल न होने के कारण कैंसिल कर दिया गया।
नेशनल अमन पार्टी की प्रत्याशी राजेंद्र कौर का पर्चा प्रस्तावकों के हस्ताक्षर न होने के कारण निरस्त हुआ। भारतीय हरित पार्टी की प्रत्याशी आशा का पर्चा प्रारूप अपूर्ण होने के कारण निरस्त हुआ। उत्तर प्रदेश रिपब्लिकन पार्टी के प्रत्याशी गोविंद सिंह का पर्चा शपथ पत्र के कॉलम पूरे न भरे होने के कारण निरस्त कर दिया गया। नहटौर में कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह का पर्चा प्रस्तावक कम होने व सिंबल नहीं मिलने के कारण निरस्त कर दिया गया। बढ़ापुर व धामपुर विधानसभा में देर शाम तक पर्चों की जांच हुई। इस दौरान बढ़ापुर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में पहले पर्चा भरने वाले हाजी अहसान अली अंसारी का पर्चा निरस्त कर दिया गया। उन्हें पार्टी का सिंबल नहीं मिला था। धामपुर विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी अशोक राणा के पुत्र प्रियंकर राणा का पर्चा भी निरस्त कर दिया। प्रियंकर राणा ने खुद को भाजपा का प्रत्याशी पर्चा भरा था। भाजपा का सिंबल न मिलने पर उनका पर्चा निरस्त हुआ। वंचित समाज इंसाफ पार्टी के प्रत्याशी नौशाद का पर्चा प्रस्तावक कम होने के कारण निरस्त कर दिया गया। नगीना विधानसभा में कोई भी पर्चा निरस्त नहीं हुआ। अब बिजनौर सीट पर 11, नहटौर में 11, धामपुर में 11, नजीबाबाद में 13, चांदपुर में 11, नूरपुर में 12, बढ़ापुर में 22 और नगीना में 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।