किसानों ने 14 दिन में मांगा गन्ना भुगतान
नांगलसोती/नजीबाबाद। भाकियू भानु और आजाद किसान यूनियन ने किसानों की समस्याओं को लेकर मिल गेट पर प्रदर्शन किया। चीनी मिल महाप्रबंधक और गन्ना महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर किसानों ने सरकार की मंशा के अनुरूप 14 दिनों के अंदर गन्ने का भुगतान करने की मांग उठाई।
भाकियू भानु के जिलाध्यक्ष चौधरी वीर सिंह के नेतृत्व में किसान उत्तम शुगर मिल गेट पर एकत्र हुए। चीनी मिल की ओर से दो माह के अंदर केवल छह दिन का भुगतान करने और 14 दिनों के अंदर वर्तमान सत्र का गन्ना भुगतान न करने पर किसानों ने मिल गेट पर प्रदर्शन किया। डोरीलाल, गजराज सिंह, अरुण कुमार, जागन सिंह, नितिन कुमार, विपिन, राजवीर आदि किसानों ने गन्ना महाप्रबंधक विश्वास राज को ज्ञापन सौंपा।
वहीं, आजाद किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में किसानों ने उत्तम शुगर मिल बरकातपुर के बाहर प्रदर्शन किया। किसानों ने चीनी मिल महाप्रबंधक नरपत सिंह को ज्ञापन सौंपा। जिसमें किसानों ने गन्ने का भुगतान 14 दिनों के अंदर कराने, मिल से जुड़े कच्चे मार्ग को पक्का कराने, किसानों को मैली मुफ्त देने, किसानों के वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगवाने, मिल के ओवर लोड गन्ना वाहन पर रोक लगाने की मांग उठाई। इस दौरान ओमपाल सिंह, मुनेश राठी, सतेंद्र, सुनील, हरपाल सिंह, कृपाल सिंह, गुड्डू, मुन्नू सिंह आदि शामिल रहे।