जिले का गन्ना रकबा और औसत उत्पादन बढ़ा
अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर।
जिले में इस साल दो लाख 20368 हेक्टेयर रकबे में गन्ना बोया गया है। यह रकबा पिछले साल के मुकाबले करीब पौने आठ हजार हेक्टेयर अधिक है। अफजलगढ़ चीनी मिल क्षेत्र में गन्ने का रकबा सबसे अधिक बढ़ा है। किसानों ने अरली प्रजाति का रकबा बढ़ाने में दिलचस्पी दिखाई है।
गन्ना विभाग के जिला सांख्यिकी अधिकारी विकल भारती के मुताबिक जिले में इस साल गन्ने का रकबा पिछले साल के मुकाबले करीब चार प्रतिशत बढ़ा है। पिछले साल दो लाख 12687 हेक्टेयर रकबे में गन्ना था। इस साल दो लाख 20368 हेक्टेयर रकबे में गन्ना है। इसमें एक लाख 11753 हेक्टेयर रकबे में अरली अर्थात पौधा गन्ना तथा एक लाख 8615 हेक्टेयर में पेड़ी गन्ना है। जिले में अरली प्रजाति गन्ने का रकबा बढ़ाने के लिए अभियान चलाया गया है। नतीजतन अरली प्रजाति गन्ने का रकबा जिले में 98.97 प्रतिशत हो गया है। किसानों ने गन्ने की प्रजाति 238 की बुवाई में अधिक दिलचस्पी ली है। जिले में 238 प्रजाति 91 प्रतिशत रकबे में है। अफजलगढ चीनी मिल क्षेत्र मे गन्ने का रकबा सबसे अधिक सात प्रतिशत बढ़ा है।
जिले में 20 करोड़ क्विंटल गन्ना उत्पादन का अनुमान
बिजनौर। गन्ना विभाग के मुताबिक जिले में इस साल करीब 20 करोड़ क्विंटल गन्ना उत्पादन का अनुमान है। गन्ना रकबा बढ़ने के साथ गन्ने की औसत पैदावार भी बढ़ेगी । पिछले साल जिले की औसत गन्ना पैदावार 833.94 क्विंटल प्रति हेक्टेयर थी । जिले में 17 करोड़ 73 लाख क्विंटल गन्ने का उत्पादन हुआ था । इसमें से जिले की नौ शुगर मिलों ने 10 करोड़ 67 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की थी। इस साल फसल अच्छी है। इसलिए जिले की औसत पैदावार 784 क्विंटल प्रति हेक्टेयर होने का अनुमान है । गन्ने का उत्पादन भी करीब 20 करोड़ हो जाएगा।
प्रशासन को चुनौती
बिजनौर । प्रशासन के लिए इस साल गन्ने की समय से पेराई कराना बड़ी चुनौती होगी । जिले में इस साल गन्ने का रकबा व औसत उत्पादन में बृद्धि हुई है। गन्ने का उत्पादन करीब तीन करोड़ क्विंटल बढ़ने का अनुमान है। जिले की चीनी मिलों की पेराई क्षमता कमोबेश पिछले साल जैसी है ।
मिलवार गन्ना रकबा
1-बिजनौर 8105 हेक्टेयर
2-धामपुर 45123 हेक्टेयर
3- स्यौहारा 24820 हेक्टेयर
4- नजीबाबाद 17102 हेक्टेयर
- बूंदकी। 27963 हेक्टेयर
6- चांदपुर .15441 हेक्टेयर
7- बिलाई 22981 हेक्टेयर
8- बरकातपुर 25432 हेक्टेयर
9- अफजलगढ 28388 हेक्टेयर
सभी आंकड़े जिला गन्ना अधिकारी दफ्तर से प्राप्त