नजीबाबाद/जलालाबाद। पुलिस ने गांव उब्बनवाला में छापा मारकर कच्ची शराब बनाने की भट्टी पकड़ी है। पुलिस ने मौके से लाहन, उपकरण और शराब के अवैध कारोबार से जुड़े एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है। उधर, कनकपुर क्षेत्र से कच्ची शराब के साथ दो ग्रामीणों को पकड़ा गया।
नगर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शराब का अवैैध कारोबार पनप रहा है। सूचना पर एसआई शहजाद अली ने जलालाबाद के निकट गांव उब्बनवाला में छापा मारा। छापे के दौरान खेत में कच्ची शराब बनाने की भट्टी पकड़ी। पुलिस ने मौके से मूलचंद को हिरासत में लेकर उससे 15 लीटर कच्ची शराब, 20 किलोग्राम लाहन तथा शराब बनाने के उपकरण बरामद किए। उधर, एसआई महेश मलिक ने कनकपुर कला क्षेत्र में इस्सेपुर डैम के निकट गुरुमेल सिंह और संदीप को 10-10 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।