नजीबाबाद (बिजनौर)। राष्ट्रीय सेवा योजना सेवा शिविरों में स्वयंसेवकों को सेवा कार्यों का महत्व बताते हुए समाज के जरूरतमंद वर्ग की हरसंभव मदद के लिए तैयार रहने का आह्वान किया गया।
भागूवाला स्थित डीएमआर डिग्री कॉलेज के निदेशक आरके सागर ने कहा कि युवा देेश की पूंजी है और नारी धरोहर। उन्होंने बेटा बेटी में भेद किए बगैर बेटी को बेटों के समान अधिकार देने के प्रति जन जन को जागरूक करने का स्वयंसेवकों से आह्वान किया। कार्यक्रम अधिकारी चंद्रशेखर की देखरेेख में विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकाली। रमा जैन कन्या महाविद्यालय में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीप्ति माहेश्वरी के नेतृत्व में एनएसएस छात्राओं ने श्रमदान कर कॉलेज परिसर की सफाई की। निदेशक डॉ. केसी मठपाल, प्राचार्या डॉ. दीप्ति गुप्ता की उपस्थिति में पर्यावरण संरक्षण विषय पर छात्राओं ने निबंध प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।
उधर, साहू जैन कॉलेज छात्रा इकाई का सेवा शिविर गायत्री शक्तिपीठ पर लगा। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शुभा माहेश्वरी ने छात्राओं को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। साथ ही संत रविदास के व्यक्तित्व और कृतित्व से अवगत कराते हुए समाज में विशिष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित किया। गांव पूरनपुर नरोत्तम में सेवा शिविर मद्य निषेध दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पीपी विश्वकर्मा की देखरेख में लगे शिविर में प्राचार्य डॉ. विधु द्विवेदी ने व्यसनों से दूर रहने का आह्वान किया। ग्राम प्रधान जयवती देवी ने गांव में सेवा शिविर आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।