हल्दौर नगरपालिका मतदान में अव्वल
बिजनौर सांसद की पैतृक नगर पंचायत ने सबसे अधिक मतदान करके बाजी मारीे
बिजनौर। निकाय चुनाव में 12 नगरपालिकाओं व छह नगरपंचायत के लिए जिले में 65.93 प्रतिशत वोट पड़े हैं। नगरपालिकाओं में सबसे अधिक मतदान हल्दौर में 76 प्रतिशत तथा बिजनौर के सांसद भारतेन्द्र सिंह के पैत्रिक नगरपंचायत साहनपुर 71.65 प्रतिशत वोटिंग करके अव्वल रही हैं। नजीबाबाद नगरपालिका में सबसे कम 54.34 प्रतिशत मतदान हुआ है। पिछले निकाय चुनाव के मुकाबले मतदान में मात्र 03.57 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
चुनाव आयोग ने निकाय चुनाव में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए पूरी ताकत झोक दी थी। इसके बाद भी मतदान प्रतिशत मामूली बढ़ा है। पिछले निकाय चुनाव में जिले का मतदान प्रतिशत 61.36 प्रतिशत था। इस बार जिले में 65.93 प्रतिशत वोटिंग रही है। इस प्रकार पांच साल बाद मतदान में मात्र 03.57 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इस बार सबसे अधिक मतदान हल्दौर नगरपालिका में 76 प्रतिशत हुआ। इसके बाद शेरकोट नगरपालिका में 71 प्रतिशत वोट पडे़ हैं। नजीबाबाद नगरपालिका में मतदाताओं ने मतदान में सबसे कम रुचि ली है। वहां केवल 54.34 प्रतिशत मतदान हुआ है। बिजनौर सांसद के पैत्रिक निवास साहनपुर के लोगों ने बढ़ चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया। इसके चलते वहां नगर पंचायतों में सर्वाधिक मतदान 71.65 प्रतिशत वोट पडे़ हैं। इसके बाद झालू नगरपंचायत 71 प्रतिशत मतदान करके दूसरे नंबर पर है। बढ़ापुर नगरपंचायत में सबसे कम 65 प्रतिशत मतदान हुआ है। चांदपुर, नगीना, अफजलगढ़, स्योहारा, शेरकोट, नहटोर व धामपुर नगरपालिकाओं में 60 प्रतिशत से अधिक मतदान रहा।
चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न- डीएमेे
डीएम जगतराज के अनुसार जिले में निकाय चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुआ है। कही से भी कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।