नजीबाबाद (बिजनौर)। पति की हत्या के षड्यंत्र में शामिल आरोपी पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उधर, मुख्य हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दिल्ली व मेरठ रवाना की गई हैं।
सोमवार सुबह करीब 7:45 बजे सब्नीग्रान निवासी जफर खान की उनके घर पर ही गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के कुछ देर बाद ही पुलिस ने हत्यारोपी शाकिर मिर्जा के भाई गयास मिर्जा को गिरफ्तार कर लिया था। शाकिर मिर्जा की गिरफ्तारी की मांग करते हुए गुस्साए लोगों ने हत्यारोपियों के घर पर पहुंचकर हंगामा किया था। मृतक के पुत्र अजहर खान की ओर से हत्यारोपी शाकिर मिर्जा और गयास मिर्जा पर पिता की हत्या करने एवं सौतेली मां दिल्ली निवासी सबा खान पर हत्या के षड्यंत्र में शामिल होने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार शाम शव घर पहुंचा। विधायक हाजी तसलीम अहमद ने परिजनों का ढांढस बंधाते हुए उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिलाया। रात करीब नौ बजे शव को दफना दिया गया। उधर, पुलिस ने रात दिल्ली से नजीबाबाद पहुंची मृतक जफर खान की पत्नी सबा खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि मुख्य हत्यारोपी शाकिर मिर्जा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दिल्ली और मेरठ भेजी गई हैं। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।