नजीबाबाद। नागरिकों की सजगता और पुलिस की सक्रियता से नगर के मालगोदाम तिराहा क्षेत्र से दिनदहाड़े तीन बदमाश पकड़े गए। बदमाशों ने नजीबाबाद के मीट कारोबारी को लूटने के साथ साथ हल्दौर क्षेत्र में भी लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया।
पुलिस को मालगोदाम तिराहा क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों के होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने समय रहते मौके पर पहुंचकर तीन संदिग्ध लोगों को चेकिंग के लिए रोका। पुलिस ने तीनों के पास से असलाह और लूटी गई रकम बरामद की। पकड़े गए बदमाशों में बिजनौर के गांव जंदरपुर निवासी जाहिद पुत्र यूसुफ, मेहंदी हसन पुत्र अब्दुल हमीद एवं बिजनौर के गांव शादीपुर ढल्ला निवासी जीशान पुत्र नसीम शामिल हैं। एसआई संजय यादव, अरिहंत कुमार, कुलजीत सिंह ने जाहिद से 315 बोर का एक तमंचा, दो कारतूस, 37 हजार रुपये की नगदी, मेहंदी हसन से 12 बोर का एक तमंचा, दो कारतूस, 65 हजार रुपये की नगदी एवं जीशान से एक चाकू बरामद किया।
थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने नजीबाबाद के अजमल खां रोड पर मुर्गा कारोबारी शमीम अहमद उर्फ शम्मू की आंखों में मिर्च झोंककर उससे छह लाख रुपये की नगदी लूटने और हल्दौर-नहटौर के बीच उस्मान से 25 हजार रुपये की नगदी और सोने के आभूषण लूटने की घटना स्वीकार की। थाना प्रभारी ने बताया कि बदमाशों के पास से 1.02 लाख रुपये की नगदी बरामद हुई। बदमाशों ने शेष रकम खर्च कर देने की बात कही। पुलिस ने बदमाशों की निशानदेही पर हल्दौर क्षेत्र में लूटे गए आभूषण एक खंडहर से बरामद किए। बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया।