सड़क हादसे में युवक की मौत, साथी गंभीर
स्योहारा। तेज रफ्तार कार व बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई व एक घायल हो गया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
गांव जमापुर निवासी मुजाहिद व जिला लखीमपुर खीरी के गांव देवरिया निवासी 23 वर्षीय सहीम पुत्र साहिद बृहस्पतिवार सुबह किसी काम से जमापुर निवासी मुजाहिद के साथ बाइक से ठाकुरद्वारा मार्ग पर जमापुर से स्योहारा आ रहे थे। सहीम जमापुर के मदरसे में बच्चों को पढ़ाता था। ठाकुरद्वारा मार्ग पर नवादा चौराहे के पास सामने से तेज रफ्तार से आ रही एक कार से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में सहीम की मौके पर ही मौत हो गई जबकि मुजाहिद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सीएचसी पर भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर होने के कारण उसे इलाज के लिए मुरादाबाद ले जाया गया। वहीं सहीम का शव भी सीएचसी ले जाया गया। घटना के बाद कार चालक कार को मौके पर ही छोड़ कर फरार हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह का कहना है कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।