अमरोहा। रिजर्व बैंक की ई-कुबेर प्रणाली का प्रदेश के दस कोषागारों सहित जिले में शुभारंभ हो गया है। इस प्रणाली का शुभारंभ वरिष्ठ कोषाधिकारी वीरेंद्र सिंह ने रिजर्व बैंक के ई-कुबेर पोर्टल पर क्लिक करके किया। प्रणाली के लागू होने से जिलेभर के छह हजार 300 पेंशनर्स के खाते में अब सीधे पेंशन आएगी। इसके बाद पेंशनर्स बैंकों पर जाकर बिना किसी झंझट के हर माह भुगतान पा सकेंगे।
ई-कुबेर प्रणाली को मंडल के अमरोहा, बिजनौर और रामपुर सहित प्रदेश के केवल दस जिलों में लागू किया गया है। अभी तक पेंशन एसबीआई के पोर्टल से खातों में पहुंच रही थी। तकनीकि या दूसरी खामियों के कारण पेंशनर्स का भुगतान फंसने से पेंशनरों को कोषागार से लेकर बैंकों के चक्कर लगाने पड़ते थे। पेंशनरों की इस समस्या का त्वरित रूप से समाधान ई-कुबेर व्यवस्था के तहत हो गया है। इस प्रणाली के लागूू होने से पेंशन का भुगतान सीधे रिजर्व बैंक से होगा। इससे हर माह एसबीआई को दी जानी कमीशन की भी सरकार को बचत होगी। ई-कुबेर प्रणाली के शुभारंभ के मौके पर सहायक कोषाधिकारी राजीव कुमार, मनमोहन सिंह, बृजराज सिंह, विवेक द्विवेदी, प्रदीप सिंह, सुशील कुमार, पंकज कुमार आदि मौजूद रहे।
सालभर के अंदर जमा करें जीवित प्रमाण पत्र
अमरोहा। वरिष्ठ कोषाधिकारी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि पेंशनरों के लिए अक्तूबर माह में जीवित प्रमाण पत्र जमा करने की अनिवार्यता को अब समाप्त कर दिया गया है। पेंशनर्स सालभर के अंदर किसी भी माह में अपना जीवित प्रमाणपत्र जमा कर सकते हैं। बशर्ते की साल पूरा होने से पहले ही समय पर जीवित प्रमाणपत्र जमा करा दिया जाना चाहिए।