अमरोहा। क्षेत्र के गांव रामपुर जुन्नारदार में श्रीराम कथा के चौथे दिन मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम की बारात शोभायात्रा बड़े ही हर्षोल्लाय और धूमधाम के साथ निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ कथावाचक जितेंद्रिय महाराज, आयोजक टीकाराम और मुन्नी देवी ने भगवान राम की आरती से किया। आकर्षक ढंग से सजीं विभिन्न देवी देवताओं की झांकी आकृषण का केंद्र रही। वहीं देर शाम कथावाचन ने राम कथा सुनाई।
बारात में सबसे आगे बैंड बाजे वाले मधुर ध्वनि बिखेरते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा में शिव पार्वती और राधा कृष्ण के मनमोहक नृत्य देखने काबिल रहा। बारात में सबसे पीछे आकर्षक ढंग से सजे विशाल रथ पर श्रीराम अनुज लक्ष्मण के साथ विराजमान रहे। शोभायात्रा जिधर से गुजरी देखने वालों की भीड़ बढ़ती गई। ग्रामीणों ने जगह-जगह राम बारात शोभायात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। शोभायात्रा में राहुल शर्मा, राजकुमार, प्रभाकर, मुकेश, मनोज, शमशेर सिंह, सतीश आदि मौजूद रहे।