चांदपुर। चांदपुर-नूरपुर मार्ग पर प्राइवेट बस व बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार की मौत हो गई। मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी ने बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है।
जलीलपुर क्षेत्र के गांव कुतुबपुर गांवड़ी निवासी मनजीत सिंह नूरपुर रोड स्थित एक सरिया फैक्ट्री में नौकरी करते थे। मनजीत सिंह की पत्नी सुखमीत कौर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार देर शाम उनके पति फैक्ट्री से ड्यूटी कर घर लौट रहे थे। वह भी नूरपुर से अपने भांजे मनदीप के साथ बाइक से अपने घर वापस आ रही थी। उसकी बाइक अपने पति की बाइक के पीछे कुछ दूरी पर थी। नूरपुर-चांदपुर रोड पर पेट्रोल पंप के पास पहुंचने पर सामने से तेज गति से आ रही प्राइवेट बस व पति की बाइक की टक्कर हो गई। उसने बताया कि बस चालक तेज व लापरवाही से बस चला रहा था। टक्कर से उसके पति की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। मृतक की पत्नी ने बस चालक के खिलाफ थाने में रिपोर्ट लिखाई है।