नजीबाबाद। बुंदकी मार्ग के मोड़ पर रेत-बजरी से भरा ओवरलोड डंपर फंसने से बुंदकी मार्ग का यातायात घंटों ठप रहा। उधर, नेशनल हाईवे पर रुक-रुककर जाम की स्थिति बनती रही। पुलिस ने ओवरलोड डंपर को कब्जे में किए बगैर उसमें आई तकनीकी खराबी को दूर कराकर हटवाया।
नजीबाबाद-कोतवाली मार्ग पर सीकेआई चौराहा क्षेत्र से बुंदकी मार्ग गुजरा है। शनिवार सुबह करीब 10 बजे कोटद्वार दिशा से रेत-बजरी से भरा एक डंपर सीकेेआई चौराहे पर पहुंचा। चौराहे से बुंदकी मार्ग की ओर मुड़ते ही अचानक डंपर बंद हो गया और मार्ग के मोड़ पर बीचोंबीच फंस गया। डंपर फंसने से नजीबाबाद-बुंदकी मार्ग पर बड़े वाहनों का संचालन ठप हो गया। डंपर का अगला पहिया मुख्य मार्ग से नीचे कच्चे मार्ग पर उतरने से आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। जिस स्थान पर डंपर फंसा उसके सामने स्थित पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने खनिज संपदा का अवैध ढुलान करने वाले ओवरलोड डंपर को कब्जे में न लेकर उल्टे डंपर को जल्दी से जल्दी हटवाने में पूरी जान लगा दी। आनन-फानन में मेकेनिक को बुलाकर डंपर में आई खराबी को दूर कराकर हटवाया गया। इस दौरान नेशनल हाईवे पर कई बार जाम लगा। गर्मी के बीच छोटे-बड़े वाहनों के जाम में फंसने से लोग परेशान रहे।