हरेवली। क्षेत्र के किसानों का कहना है कि अफजलगढ़ चीनी मिल के अधिकारी बाहरी क्षेत्र से गन्ना खरीद रहे हैं। जिससे स्थानीय किसानों को गन्ना पर्चियां नहीं मिल रही हैं। उन्होंने चेताया है कि यदि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन होगा।
गांव भगौता, शाहनगर कुराली, सहारावाला, हरेवली, खिजरपुर के किसान चंदर सिंह, रामकुमार, रमेश सिंह, डालचंद , करमचंद, शमशाद अहमद, फूल सिंह, तहजीब, शकील का कहना है कि पिछले तीन सप्ताह से चीनी मिल ने क्षेत्र के किसानों की पर्चियों को कम कर दिया है। उनकी पर्चियां समय से नहीं आ रही हैं। जिसके कारण उनके खेत में काफी गन्ना खड़ा है। कम पर्चियां आने का कारण पूछा जाता है तो अधिकारी सही जवाब नहीं देते। जिन किसानों ने बॉड भरा था, मिल ने उनकी पर्चियां तो दे दीं, लेकिन बाकी किसानों की सामान्य तौर पर आने वाली पर्चियों पर रोक लगा दी है। ऐसे में किसानों की गन्ने की छिलाई का काम ठप हो गया है। उधर, वरिष्ठ गन्ना प्रबंधक अजय कुमार ढाका ने लगे आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि कलेंडर के हिसाब से किसानों को पर्चियां उपलब्ध कराई जा रही हैं।