नहटौर। आमलेट बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद में एक महिला ने एसिड पीकर आत्महत्या कर ली। महिला की मौत का पता चलते ही मायकेवालों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया। मायके वालों की तहरीर पर पुलिस ने शव को सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने पति को पकड़ लिया है।
मोहल्ला हाथीवाला में राजू चंद्रा का घर है। बताया जाता है कि शुक्रवार रात करीब 12 बजे आमलेट बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद महिला ने गुस्से में आकर घर में रखा बैट्री का एसिड पी लिया। महिला की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे चिकित्सक के ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से हड़कंप मच गया। कांठ क्षेत्र के गांव रुस्तमपुर निवासी मृतका के पिता ज्ञान सिंह सूचना पर मौके पर पहुंचे। मायकेवालों ने ससुराल पहुंचकर हंगामा किया। डायल 100 पुलिस को सूचना दी गई। उसके बाद सीओ धामपुर सुशील कुमार मौके पर पहुंचे। मायकेवालों ने पुलिस को तहरीर देकर मौत की जांच करने की मांग की। पुलिस ने शव को सीलकर पीएम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने पति राजू चंद्रा को हिरासत में ले लिया है। कोतवाल चंद्रकिरण यादव का कहना है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।