बिजनौर। जिला पंचायत व ब्लॉक प्रमुख चुनाव की तरह पूर्व विधायक रुचि वीरा का निकाय चुनाव में भी खूब जलवा रहा। चार प्रत्याशियों में अपने तीन प्रत्याशियों को वह चुनाव जीताने में कामयाब रहीं। निकाय चुनाव में भी रूचि वीरा सपा के अपने विरोधी नेताओं पर हावी रहीं।
निकाय चुनाव में टिकटों को लेकर भी सपा में रार शुरू हो गई थी। रूचि वीरा बिजनौर नगर पालिका से रूकसाना परवीन, नगर पंचायत झालू से सिकंदर आलम, नगर पालिका नगीना से पूर्व चेयरमैन खलीलुर्रहमान की पत्नी ताहिरा खलील व नजीबाबाद नगर पालिका से पूर्व चेयरमैन मोअज्जम खां की पत्नी शबीया खान के लिए टिकट मांग रहीं थीं। विरोधी खेमा रुचि वीरा के मांग हुए टिकटों का विरोध कर रहा था। विरोधी खेमे के कहने पर नगीना से ताहिरा खलील का टिकट काटकर खालिद निगार की पत्नी शादाब जहां को दे दिया गया। नगर पंचायत झालू से सिकंदर आलम की जगह सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राशिद हुसैन को टिकट दे दिया गया। बिजनौर व नजीबाबाद में रुचि वीरा अपने प्रत्याशियों को टिकट दिलाने में कामयाब रहीं। उन्होंने झालू व नगीना से सिकंदर आलम व ताहिरा खलील को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतार दिया। बिजनौर व नजीबाबाद में पार्टी प्रत्याशियों के साथ नगीना व झालू में उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशियों के पक्ष में भसी खूब चुनाव प्रचार किया। नगीना के ताहिरा खलील के चुनाव में वह दिन रात एक करे रहीं। रूचिवीरा निकाय चुनाव में नगर पंचायत झालू को छोड़कर बिजनौर, नजीबाबाद में सपा प्रत्याशी व नगीना में निर्दलीय प्रत्याशी को चुनाव जीताने में कामयाब रहीं। जिला पंचायत व ब्लॉक प्रमुख के चुनाव की तरह निकाय चुनाव में भी रुचि वीरा का जलवा बरकरार रहा। रूचि वीरा सपा के अपने विरोधियों को निकाय चुनाव में मात देने में कामयाब रहीं। विरोधियों की कोई चाल उन्होंने कामयाब नहीं होने दी। रुचि वीरा के आगे ये विरोधी बेबस नजर आए।