बिजनौर। निकाय चुनाव में किसके सिर चेयरमैन का ताज सजेगा और कौन सभासद बनेगा, इसका फैसला शुक्रवार को हो जाएगा। 2497 प्रत्याशियों की किस्मत का पिटारा आज खुलेगा। मतगणना की घड़ी नजदीक आते ही प्रत्याशियों के दिलों की धड़कन बढ़ने लगी है। फिर से प्रत्याशी व उनके समर्थक वोटों का गुणा-भाग करने में जुट गए हैं। सब अपने अपने आंकड़ों से जीत का समीकरण बैठा रहे हैं।
जिले की 12 नगर पालिका व छह नगर पंचायतों के चुनावी परिणाम शुक्रवार को आ जाएंगे। चेयरमैन पद के लिए 385 व सभासद पद के लिए 2112 प्रत्याशी मैदान में हैं। सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना की सभी तैयारी प्रशासन ने पूरी की ली हैं। मतगणना को लेकर प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं। सभी प्रत्याशी अपने वोटरों का गुणा भाग करने में जुट गए हैं। बृहस्पतिवार को फिर से चौपाल सजनी शुरू हो गईं। दिन भर प्रत्याशी व उनके समर्थक वोटों के समीकरण बैठाने में लगे हैं। प्रत्याशियों के आवासों पर सुबह से समर्थकों की भीड़ लगनी शुरू हो गई। दिन भर यह समर्थक प्रत्याशियों के घरों पर जमे रहे। प्रत्याशियों को बताते रहे कि उन्हें कितने वोट कहां से मिले हैं। प्रत्याशियों ने अपनी जीत के लिए मंदिरों में मत्था टेकना शुरू कर दिया है। कोई साधु महात्माओं से आशीर्वाद ले रहा है तो कोई दुआ करा रहा है। अपनी जीत पर प्रत्याशी अनुष्ठान कराने की घोषणा भी कर रहे हैं। प्रत्याशी हर सूरत में अपनी जीत चाहते हैं। प्रत्याशियों को क्या मालूम की मतपेटियों में उनके कितने वोट बंद हैं। चेयरमैन पद के प्रत्याशियों को तो छोड़ो वार्ड सदस्य के प्रत्याशियों का भी यही हाल है। वार्ड सदस्य के प्रत्याशी भी अपने वोटों की गिनती कर रहे हैं।
निकाय चुनाव जीतने वाला कोई भी प्रत्याशी विजय जुलूस नहीं निकालेगा। जुलूस पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग का इस संबंध में भेजा पत्र भी अफसरों को मिल गया है। एसपी प्रभाकर चौधरी के मुताबिक किसी भी सूरत में विजय जुलूस निकालने की किसी को भी इजाजत नहीं दी जाएगी। जुलूस पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
एजेंट बनाने में खेल करने वाले प्रत्याशियों को भेजे नोटिस
प्रशासन ने एजेंट बनाने में खेल करने वाले प्रत्याशियों को नोटिस भेज दिए हैं। एजेंट बनाने में अगर कोई गड़बड़ी पकड़ी गई तो प्रत्याशियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसपी प्रभाकर चौधरी के मुताबिक कई जगह से ऐसी सूचनाएं मिल रहीं हैं कि तमाम प्रत्याशी अधिवक्ताओं को एजेंट बना रहे हैं तो कई प्रत्याशी ने डमी प्रत्याशी चुनाव में खड़े करे थे। उनके नाम पर अपने एजेंट बना रहे हैं। ऐसा कोई मामला पकड़ में आया तो प्रत्याशियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कई प्रत्याशी निर्दलीय प्रत्याशियों के नाम पर भी अपने एजेंट बना रहे हैं। सभी प्रत्याशियों को इस बारे में नोटिस भेज दिए गए हैं। एसपी ने बताया कि मतगणना कराने के पुख्ता इंतजाम कर लिए गए हैं। पैरामिलिट्री फोर्स के साथ पुलिस मतगणना स्थलों पर तैनात रहेगी।