नजीबाबाद । राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं के कंधों पर सरकार बड़ी जिम्मेदारी डालने जा रही है। नजीबाबाद विकास खंड से चयनित 40 महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं महिलाओं को लघु उद्योग संचालित करने का प्रशिक्षण देंगी। सोमवार को आयोजित शिविर में 40 महिलाओं का चयन किया गया।
एनआरएलएम उपायुक्त अनवर शेख, केरल की स्वयंसेवी संस्था कुंटुंबश्री की स्टेट प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर आकृति गुप्ता, ब्लॉक प्रोजेक्ट मैनेजर वैभवराज सिंह, केरल से आईं मेंटर इलियामा, हरीश की देखरेख में ड्वाकरा हॉल में शिविर आयोजित हुआ। जिसमें विकास खंड में गठित स्वयं सहायता समूहों की दर्जनों महिलाएं पहुंचीं। शिविर में महिलाओं को लिखित परीक्षा, ग्रुप एक्टिविटी के दौर से गुजरना पड़ा। स्टार्टअप ग्राम उद्यमिता कार्यक्रम (एसवीईपी) के अंतर्गत शिविर में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं 40 महिलाओं का चयन किया गया। ये महिलाएं विकास खंड क्षेत्र में उद्यमिता विकास के लिए काम करेंगी। चयनित महिलाएं समूहों से जुड़ीं महिलाओं को लघु उद्योग शुरू करने का प्रशिक्षण देंगी। स्टेट प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर ने बताया कि क्लस्टर संगठन प्रभारी की ओर से चयनित महिलाओं को सूचित कर उन्हें जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।