गन्ना सेंटर के लिए डीसीओ दफ्तर पर हंगामा
बिजनौर। किसानों ने चंदनपुरा में नया गन्ना खरीद केंद्र लगवाने की मांग को लेकर डीसीओ कार्यालय पर हंगामा किया। किसान तीन घंटे तक धरने पर बैठे रहे। उन्होंने डीसीओ कार्यालय के मेन गेट को घेर लिया और किसी वाहन को अंदर नहीं जाने दिया।
पूर्व प्रधान होशराम सिंह, कोमल सिंह, सतेंद्र सिंह, कृपाल, हरपाल, धर्मपाल आदि के अनुसार चंदनपुरा गांव का गन्ना खरीद केंद्र बिलाई शुगर मिल से जुड़ा है। सेंटर से चंदनपुरा, गांवड़ी, जीतपुरा गांव जुड़े हैं। सेंटर की गन्ना सप्लाई करीब डेढ़ लाख क्विंटल है। सेंटर जीतपुरा गांव की जमीन में हैं। आरोप है कि जीतपुरा के लोग उनके साथ अभद्रता करते हैं, उनका गन्ना तुलने नहीं देते हैं। कई बार चंदनपुरा और गांवड़ी के किसानों को गन्ने से भरी गाड़ी लेकर वापस लौटना पड़ा है। पिछले साल उन्हें आतंकित करने के लिए सेंटर पर गोली भी चलाई गई थी। पूर्व गन्ना राज्यमंत्री स्वामी ओमवेश ने मामला सुलझाने का प्रयास किया। परंतु कोई हल नहीं निकला।
किसानों ने चंदनुपरा में नया सेंटर खोले जाने की मांग के लिए डीसीओ, गन्ना समिति और शुगर मिल में प्रार्थना पत्र दिया था। चार माह से डीसीओ कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। डीसीओ ने उन्हें नया सेंटर खोलने का भरोसा दिया था। सोमवार को उन्हें गांव में सेंटर नहीं खुलने के बारे में पता चला। किसान सुबह 10 बजे से डीसीओ कार्यालय पर बैठे रहे, डीसीओ के नहीं मिलने पर दोपहर एक बजे घरों को चले गए। किसानों का कहना था कि मांग पूरी होने तक वे प्रतिदिन इसी तरह धरना जारी रखेंगे।