कालागढ़। मुरादाबाद से आए सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने रामगंगा और सैडिल बांध का दौरा किया। इस दौरान शहीद स्मारक बैरियर पर पुलिस गार्द नहीं मिली। इसके बाद बांध के अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधित समस्याओं पर विचार विमर्श किया।
निरीक्षण के बाद मुरादाबाद के मंडलीय सुरक्षा अधिकारी विनोद सिरोही नेे बताया कि मुख्य बांध पर कुछ पुलिस कर्मी मौजूद मिले। जबकि शहीद स्मारक बैरियर पर पुलिस गार्द एवं सुरक्षा कर्मी नहीं मिले। इसके बाद रामगंगा भवन में बांध के अधिकारियों के साथ बैठक की। इंजीनियर मनोज कुमार लिखवार ने बताया कि मंडल अधिकारी ने बैरियरों पर सुरक्षा पुख्ता रखने और बिना अनुमति बाहरी वाहनों को प्रवेश नहीं देने को कहा है। सैडिल बांध, शहीद स्मारक एवं बांध के बैरियर पर सुरक्षा मजबूत बनाने, सैडिल बांध पर वाच टावर बनाने के निर्देश दिए। आवश्यकता पड़ने पर बांध क्षेत्र में सीआईएसएफ तैनात करने का भरोसा दिलाया। बांध के अधीक्षण अभियंता एके राणा ने सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के रिक्त पदों को भरने की मांग रखी। बताया बांध पर 17 सुरक्षक तैनात हैं। रात्रि में सशस्त्र एवं बल्लम के साथ कर्मी बैरियरों पर रहते है। बैठक में मुरादाबाद के सुरक्षा विभाग के अधिकारी जमशेद अली खान, जेपी कौशिक, बांध के अधीक्षण अभियंता एके राणा, ईई रामबाबू, जेई गगनदीप सिंह रहे।
25 को देहरादून में होगी बैठक
रामगंगा बांध के सुरक्षा विभाग के ईई शेर सिंह ने बताया कि 25 सितंबर को देहरादून में उत्तराखंड अभिसूचना विभाग के अधिकारियों के साथ दोनों राज्य के अधिकारियों की बैठक बुलाई गई है।