पांच दिन से बिजली नहीं मिलने पर एसडीओ को घेरा
हल्दौर (बिजनौर)। गांव मोहनपुर चांदा नंगली में ट्रांसफार्मर फुंकने से पांच दिन से बिजली गुल है। गांव में स्थिति का जायजा लेने पहुंचे एसडीओ का घेराव कर जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने एसडीओ के पहिये की हवा निकालने का प्रयास किया। बाद में एसडीओ के शीघ्र विद्युत आपूर्ति सुचारु रूप से कराने के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हो गए।
गांव मोहनपुर चांदा नंगली में करीब 250 विद्युत कनेक्शन है। गांव में विद्युत आपूर्ति के महज 100 केवी का ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार 15 दिन में चार ट्रांसफार्मर फुंक चुके हैं। ट्रांसफार्मर पर क्षमता से अधिक भार है। ट्रांसफार्मर पांच दिन से फुंका पड़ा है, जिससे पूरे गांव की बिजली गुल पड़ी है। मंगलवार की शाम विद्युत निगम अधिकारी एसडीओ गौरवपाल व नांगलजट बिजलीघर के जेई सतपाल के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने गांव में बिजली आपूर्ति व ट्रांसफार्मर को देखा। ग्रामीणों ने एसडीओ का घेराव कर लिया और जमकर हंगामा किया। इस दौरान ग्रामीणों ने एसडीओ व जेई से तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में एसडीओ के शीघ्र समस्या का समाधान होने के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हो गए। एसडीओ गौरवपाल का कहना है कि गांव में रखे ट्रांसफार्मर को शीघ्र बदलवा दिया जाएगा।