बिजनौर। बेयरिंग खराब हो जाने की वजह से बिजनौर बैराज का पुल 12 दिन से बंद है। इन दिनों में पुल की जांच और मरम्मत का आश्वासन ही दिया जा रहा है। मंगलवार को दिनभर मरम्मत के लिए आने वाली टीम का इंतजार होता रहा। शाम को टीम पहुंची। अब बुधवार से मरम्मत कार्य शुरू होने की बात कही जा रही है। उधर, बैराज पर ई-रिक्शों की आवाजाही शुरू कराई गई है।
बता दें कि आठ अगस्त को सड़क पर मालन नदी का पानी आने से मेरठ पौड़ी हाईवे को बंद कर दिया गया था। इसी दिन बिजनौर बैराज के गेट नंबर 20-21 के बीच राम धारा के स्लैब के हिलने का पता लगा। जिसके बाद बैराज पुल को भारी वाहनों सहित कार आदि के लिए बंद कर दिया गया। यहां से सिर्फ बाइकों के निकलने की अनुमति ही थी।
केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान और आईआईटी रुड़की से ब्रिज एक्सपर्ट नहीं आए तो नेशनल हाईवे के ब्रिज एक्सपर्ट ने ही मुआयना किया और जांच की। नेशनल हाईवे के ब्रिज एक्सपर्ट ने मरम्मत का सुझाव दिया। अब रामधारा के स्लैब के नीचे गार्डर खराब हो चुके चार बेयरिंग बदले जाएंगे। बाकी बेयरिंग में ऑयल किया जाना है।
बेयरिंग बदलने के लिए गार्डर को जैक से उठाया जाएगा। इसके लिए भी मशीनरी लगेगी। हालांकि मरम्मत मंगलवार को चालू होनी थी मगर मरम्मत करने वाली टीम समय से नहीं पहुंची। देर शाम यह टीम मशीनरी लेकर पहुंची। ऐसे में अब बुधवार आज से मरम्मत चालू की जाएगी।
चार बेयरिंग बदले जाने हैं। बेयरिंग बदलने और मरम्मत के लिए टीम बिजनौर बैराज पर पहुंच गई है। जल्द ही मरम्मत करते हुए बैराज को वाहनों लिए खोल दिया जाएगा। ...अमित प्रणव, परियोजना निदेशक एनएच