2864 पोलिंग पार्टी कराएंगी लोस चुनाव
बिजनौर। बिजनौर और नगीना लोकसभा सीट का चुनाव 2864 पोलिंग पार्टियां कराएंगी। इन पोलिंग पार्टियों का फाइनल प्रशिक्षण तीन अप्रैल से छह अप्रैल तक विवेक कॉलेज में होगा। बिजनौर लोकसभा सीट के लिए 11 अप्रैल और नगीना लोकसभा सीट के लिए 18 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।
प्रशिक्षण प्रभारी और एडीएम न्यायिक नितिन मदान के अनुसार दोनों क्षेत्र मे मतदान के लिए भेजी जाने वाली पोलिंग पार्टियों का अंतिम रूप से गठन हो गया है। 2864 पोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं। एक पोलिंग पार्टी में चार सदस्य हैं। इस प्रकार कुल 11456 कर्मचारी लगे हैं। इस बार पोलिंग पार्टी के चारों सदस्य एक साथ टोली में प्रशिक्षण लेंगे। प्रशिक्षण दो शिफ्ट में सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक और दोपहर दो बजे से पांच बजे तक है। 24 कमरों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। एक कमरे में 15 टोली के 60 सदस्य बैठेंगे। कर्मचारियों को प्रशिक्षण की सूचना भेजी जा रही है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों के प्रथम चरण के प्रशिक्षण में 155 कर्मचारी फेल हो गए थे। ये कर्मचारी चुनाव को लेकर बताई गई जनरल बातों के भी सही जवाब नहीं दे सके। फेल कर्मचारियों को दोबारा प्रशिक्षण दिया गया है।