कांवड़ियों की गाड़ी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
हल्दौर। गांव करनपुर गावड़ी के निकट कांवड़ियों की एक कार में शार्ट सर्किट होकर आग लग गई। आग लगने से करीब दो घंटे तक कांवड़ियों व वाहनों को अपने गंतव्यों की ओर जाने के लिए मार्ग अवरुद्ध हो गया और पुलिस को उन्हें रोकना पड़ा। सूचना पाकर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
हरिद्वार से कांवडों में जल भरकर जनपद बुलंदशहर के मोहल्ला राधा नगर निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख के पुत्र चंद्रप्रकाश व उनके मोहल्ले का ही दूसरा साथी सुधीर कुमार कार में सवार होकर शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे नहटौर-चांदपुर मार्ग पर स्थित गांव करनपुर गावड़ी से होकर अपने कांवड़ियों के जत्थे के साथ गुजर रहा था। उसके कुछ साथी पैदल कांवड़ लेकर चल रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक चलती कार में शार्ट सर्किट होकर भीषण आग लग गई। दोनों कांवड़ियों ने कार से कूदकर बमुश्किल अपनी जान बचाई। कार सड़क किनारे जलने लगी और उसके टायर फटने से तेज धमाका हुआ। इस दौरान तेज धमाकों की आवाज सुनकर मौके से गुजर रहे कांवड़ियों में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। वहां से गुजर रहे वाहनों का मार्ग अवरुद्ध हो गया। करीब एक घंटे बाद चांदपुर से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कार में लगी भीषण आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया। पुलिस ने आग बुझने के बाद मार्ग पर रुके कांवड़ियों व वाहनों का मार्ग चालू कराया। इस अग्निकांड में कार में रखे करीब 53 हजार रुपये की नकदी, दो मोबाइल सैट जरूरी कागजात व अन्य सामान जलकर राख हो गया। कांवड़ियों का कहना था कि पुलिस को हर सड़क पर दमकल विभाग की गाड़ी खड़ी रखनी चाहिए।