सड़क हादसों में दो की मौत, एक घायल
नूरपूर। अमरोहा मार्ग पर बुधवार की रात गांव लिंडरपुर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक के परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव को घर ले गए। वहीं बुधवार शाम ट्रक की चपेट में आकर घायल हुए युवक की जिला अस्पताल में मौत हो गई।
बुधवार की शाम करीब आठ बजे चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव धुंधली तबीबपुर निवासी हरवीर सिंह (20) अपने दोस्त गांव चेहला निवासी मुनाजिर हुसैन के साथ बुलेट मोटरसाइकिल द्वारा गांव के ही पप्पू सिंह के पुत्र अनुज की बारात में शामिल होने शिवालाकलां के गांव सेमला शहबाजपुर जा रहा था। गांव लिंडरपुर के पास उनकी बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में हरवीर और मुनाजिर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने हरवीर को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मुनाजिर को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने मामले में कोई कानूनी कार्रवाई करने से मना कर दिया, इसके बाद पुलिस ने शव उन्हें सौंप दिया। हरवीर की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मचा है। वहीं बुधवार शाम मुरादाबाद मार्ग पर चिल्ड्रेन एकेडमी के पास ट्रक की चपेट में आकर घायल हुए जनपद रामपुर के कैमरी थाना क्षेत्र के गांव फैजपुर निवासी प्रदीप कुमार की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक प्रदीप शादी विवाह में बैंड बजाकर परिवार की गुजर बसर करता था, उसकी मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।