मुआवजा मिलने पर धरना समाप्त
शिवालाकलां। बिजली कर्मी की करंट से हुई मौत के बाद मुस्तफाबाद बिजलीघर पर चल रहा ग्रामीणों का धरना शनिवार को मुआवजा मिलने के बाद समाप्त हो गया। अधिकारियों ने मृतक मजदूर की पत्नी को शासन से मिलने वाली सहायता राशि भी दिलाने का आश्वासन दिया हैं।
चार दिन पूर्व गांव आराजी भैंसा में एचटी लाइन पर काम करते समय करंट आने से नहटौर के गांव धनुपुरा निवासी नीरज की मौत हो गई थी। मृतक के परिजन दो दिन से मुआवजा व सरकारी नौकरी की मांग को लेकर मुस्तफाबाद बिजलीघर पर धरने पर बैठे थे। उन्होंने सभी फीडरों की बिजली भी बंद करा दी थी। शनिवार को सभी बिजलीघर से थाने पहुंचे और हंगामा करते हुए मुआवजे की मांग की। थानाध्यक्ष सतेंद्र कुमार की सूचना पर उपखंड अधिकारी चांदपुर अजय कुमार व अवर अभियंता रामेश्वर सिंह थाने पहुंचे और मृतक के परिजनों से वार्ता की। अधिकारियों ने परिजनों को 50 हजार की नकद सहायता राशि देते हुए शासन स्तर से भी मदद दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शांत होकर घर को चले गए।