धामपुर। हाईवे पर बने गड्ढों ने एक युवक की जान ले ली। हादसा गहरे गड्ढों के कारण अनियंत्रित होकर बाइक पलटने से हुआ। इसकी सूचना से परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
टीचर्स कॉलोनी निवासी शिक्षिका मधुबाला ने बताया कि उसका बड़ा पुत्र दिव्यांश कुमार (29) मंगलवार की रात बाइक से नगीना चौक की ओर से घर आ रहा था। हाईवे पर बने गहरे गड्ढों के कारण उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें उसका सिर हाईवे किनारे पड़े बड़े पत्थर में लगने से फट गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पहले उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टरों ने हालत चिंताजनक देख उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। हायर सेंटर ले जाते वक्त दिव्यांश की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों के मुताबिक दो साल पहले दिव्यांश के पिता वीरेंद्र कुमार राजपूत की हार्टअटैक से मौत हो गई थी। परिवार अभी उनकी मौत के सदमे से उबर नहीं सका था कि अब बड़े पुत्र की सड़क हादसे में मौत हो गई।