अफजलगढ़। अवैध रूप से चल रहे स्टोन क्रेशर पर डीएम के निर्देश पर एसडीएम, सीओ ने छापेमारी की। जांच में कागजात अधूरे मिलने पर स्टोन क्रेशर मालिक को नोटिस जारी किया गया है। अधिकारियों ने स्टोन क्रेशर संचालन संबंधी अनुज्ञा पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार को कालागढ़ रोड स्थित गांव जोगीपुरा में अवैध रूप से स्टोन क्रेशर चलने की सूचना पर एसडीएम आजाद भगत सिंह, सीओ इंद्रजीत सिंह ने छापा मारा। उन्होंने स्टोन क्रेशर पर मौजूद मैनेजर से कागजात मंगाकर मौके पर मौजूद कागजातों की जांच की। जांच के दौरान मैनेजर द्वारा उपखनिज भंडारण संबंधी अनुमति पत्र प्रस्तुत कर दिया गया, लेकिन स्टोन क्रेशर संचालन संबंधी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। क्रेशर पर मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि उनके पास कोई कागज नहीं है। क्रेशर मालिक ही कागजात दिखा सकते हैं।
एसडीएम ने अधीनस्थों को मौके पर मौजूद कच्चे माल, तैयार माल के स्टाक की जांच कराई। क्रेशर मैनेजर का कहना था कि उन्होंने प्रशासन से स्टोन क्रेशर संचालन की विधिवत अनुमति ले रखी है। एसडीएम आजाद भगत सिंह ने अवैध रूप से स्टोन क्रेशर के संचालन की जानकारी मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि स्टोन क्रेशर मालिक को नोटिस जारी किया गया है। उसे स्टोन क्रेशर संचालन संबंधी अनुज्ञा पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। कागजात प्रस्तुत न किए जाने की स्थिति में उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।