आईएएस में चयनित होने वाले साद मियां सम्मानित
बिजनौर। जिलाधिकारी अटल कुमार रॉय ने कलक्ट्रेट सभागार में मोहल्ला क़ाजीपाड़ा के साद मियां खान को यूपीएससी परीक्षा में शानदार सफलता प्राप्त करने पर बुकें देकर सम्मानित किया। साद मियां खान ने बिना कोचिंग किए पांचवीं बार में यूपीएससी परीक्षा में 25वीं रैंक प्राप्त की है।
इस मौके पर साद मियां ने उच्च प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए छात्र और छात्राओं को प्रेरित किया। कठिन परिश्रम और एकाग्रता के साथ प्रयास करें। किसी भी विफलता से मायूस न हों, बल्कि असफलता के कारणों से शिक्षा ग्रहण करते हुए पुन: उत्साह के साथ सार्थक रूप से अपनी मंजिल को पाने का प्रयास करें। उन्होंने टिप्स देते हुए कहा कि कभी यह न सोचें कि वह परफेक्ट हैँ, बल्कि हमेशा ज्ञान बढ़ाने और उसमें और अधिक सुधार के लिए प्रयासरत रहें। उन्होंने यह भी कहा कि सफलता प्राप्ति के बाद स्वयं को अधिकारी नहीं बल्कि सेवक समझें । सेवा की भावना से ही अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करें। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह, उपजिलाधिकारी सदर इंद्रजीत सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी विशाल कुमार मौजूद थे।