नूरपुर/बिजनौर । एनएचएम की विशेष टीम के निरीक्षण में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कई खामियां मिली। अस्पताल का प्रसव कक्ष अस्त व्यस्त मिला और बाथरूम में फिनायल की केन रखी मिली
शुक्रवार को राष्ट्रीय सुरक्षा मिशन कार्यक्रम के सलाहकार इंद्रजीत सिंह और परिवार नियोजन सलाहकार अरविंद सिंह ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इंद्रजीत सिंह के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रसव कक्ष की हालत बेहद खराब है। प्रसव कक्ष के साथ बाथरूम अटैच होना चाहिए, लेकिन बाथरूम अलग बना हुआ है। इसके अलावा प्रसव कक्ष से ही सटा हुआ स्वास्थ्य विभाग के बाबू का कक्ष है, जबकि इसे प्रसव कक्ष से अलग होना चाहिए। प्रसव कक्ष में टीम को कई दवाइयां एक्सपायर डेट की भी मिलीं। अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जाहिर करते हुए टीम ने बीपीएम और स्टाफ नर्स को आड़े हाथ लिया। इंद्रजीत सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट को शासन को भेजा जाएगा। राष्ट्रीय सुरक्षा मिशन कार्यक्रम के सलाहकार इंद्रजीत सिंह ने बताया कि सीएमओ डॉ. राकेश मित्तल को खामियां सुधारने के लिए एक माह का समय दिया है। अगर खामियां दूर नही होती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि उनके निरीक्षण का मुख्य वजह स्वास्थ्य सेवाओं में खामियां ढूंढकर उनका सुधार किया जाएं, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दी जा सके।