मनोज राणा के हत्यारोपियों पर लगाई गैंगस्टर
बिजनौर। पुलिस ने मनोज राणा हत्या के आरोपी अरुण कबाड़ी, पूर्व सभासद सार्थक उर्फ रिक्की समेत सभी आरोपियों पर गैंगस्टर लगाई है। शहर कोतवाली में सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बिजनौर के मोहल्ला नईबस्ती में रहने वाले पुलिस के सेवानिवृत्त दरोगा रघुराज सिंह के पुत्र मनोज राणा की 22 जुलाई 2016 को मोहल्ले में ही गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मेरठ जिले के मवाना थाना क्षेत्र के गांव निलोहा निवासी अनुभव उर्फ नंदू, बुलंदशहर जिले के औरंगाबाद थाने के गांव इस्माइला निवासी अमित ठाकुर को नामजद किया गया था। मनोज राणा की हत्या सुपारी देकर कराई गई थी। यह खुलासा पकड़े गए अनुभव ने किया था। हत्या कराने वालों के नाम भी उसने पुलिस को बताए थे। हत्या में अमित ठाकुर, अनुभव के अलावा बिजनौर के मोहल्ला जाटान निवासी पूर्व सभासद और भाजपा नेता सार्थक उर्फ रिक्की, गांव आदमपुर निवासी अरुण कबाड़ी, मोहल्ला चाहशीरी निवासी अलीम, शास्त्री चौक निवासी वरुण उर्फ छोटू, मोहल्ला जाटान निवासी पंकज उर्फ बंटी भी शामिल रहे थे।
पुलिस ने मनोज राणा की हत्या के सभी आरोपियों पर गैंगस्टर लगा दी है। शहर कोतवाल फतेह सिंह की ओर से शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि आरोपी धन कमाने के लिए संगठित होकर अपराध करते हैं, इनके भय की वजह से कोई भी इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने और गवाही देने के लिए तैयार नहीं होता। अरुण कबाड़ी पेद्दा कांड में भी आरोपी हैं, शहर कोतवाल फतेह सिंह ने इसकी पुष्टि की है।