हल्दौर। आखिल किसान यूनियन ने बिजली की समस्याओं को लेकर हल्दौर बिजलीघर पर जमकर हंगामा किया व धरने पर बैठ गए। एसडीओ ने आक्रोशित किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया।
सोमवार को आकियू के ब्लॉक अध्यक्ष शेर सिंह की अगुवाई में करीब दस बजे छोटन सिंह, भैरो प्रताप, हुकम सिंह, सूरज सिंह, महाशय घनश्याम सिंह समेत कई दर्जन किसान बिजलीघर पहुंचे। किसानों ने क्षेत्र में जर्जर विद्युत लाइनों को बदलवाने, फुंके ट्रांसफार्मर 24 घंटों में बदलवाने समेत कई समस्याओं को शीघ्र समाधान कराने को बिजलीघर परिसर में जमकर हंगामा किया और धरने पर बैठ गए। आकियू के मंडल सचिव मूला सिंह फौजी ने कहा कि निगम अपनी मनमानी करता आ रहा है। इसके कारण किसानों को सरकार के अनुरूप बिजली नहीं मिल रही है। बिजली का शेड्यूल ठीक न होने से किसानों को अपनी फसलों की सिंचाई करने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एसडीओ संदीप कुमार चौहान ने मौके पर पहुंचकर किसानों को उनकी समस्या का समाधान शीघ्र कराने का आश्वासन दिया। किसान शांत हो गए और करीब दो घंटे में धरना समाप्त कर दिया।