बिजनौर । परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों को स्वच्छ भारत मिशन से जोड़ने की कवायद शुरू कर दी गई है। इसके लिए सभी स्कूलों का रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी न्याय पंचायत स्तर पर संकुल प्रभारियों को सौंपी गई है।
जिले के सभी स्कूलों को स्वच्छ भारत मिशन से जोड़ा जाएगा। इसकी तैयारी की जा रही। स्कूलों में साफ सफाई, शौचालयों की सफाई, स्वच्छता कार्यक्रमों को कराने के लिए विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। इसके लिए पहले जिले के सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों का रजिस्ट्रेशन स्वच्छ भारत मिशन के लिए कराया जाएगा। खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार के मुताबिक स्कूलों का रजिस्ट्रेशन कराने के लिए न्याय पंचायत के सभी संकुल प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। रजिस्ट्रेशन की प्रगति रिपोर्ट भी संकुल प्रभारी बीईओ कार्यालय को देंगे। निरीक्षण के दौरान भी स्कूलों में साफ-सफाई पर ध्यान दिया जा रहा है या नहीं इसको देखा जाएगा। गांवों में चले ओडीएफ कार्यक्रम के बाद अब गांवों के स्कूलों को स्वच्छता के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। दूसरी ओर, बीएसए महेश चंद्र के मुताबिक जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने अपने क्षेत्रों के स्कूलों का स्वच्छ भारत मिशन के लिए जल्द ही रजिस्ट्रेशन कराने को कहा गया है।