आंगनबाड़ी पल्स पोलियो दिवस का करेंगी बहिष्कार
बिजनौर।
महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के बैनर तले आंगनबाड़ियों ने मानदेय वृद्धि के लिए कलक्ट्रेट में धरना देकर प्रदर्शन किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने रविवार को पल्स पोलियो दिवस के बहिष्कार की भी घोषणा की है।
धरने में वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार के 120 के अंदर कार्यकर्ताओं का मानदेय न्यायोचित बढ़ाने की घोषणा की थी, लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ है। 20-20 साल की सेवा के बाद भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रमोशन नहीं दिया गया है। ग्रीष्मकाल में सभी स्कूल-कॉलेज बंद रहते हैं, लेकिन आंगनबाड़ी केंद्र खुले रहते हैं। सैकड़ों कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को साल भर मानदेय नहीं मिला है। पुष्टाहार ढुलाई के नाम पर बहुत कम पैसा दिया जाता है।
इनस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उनका मानदेय 15 हजार व सहायिकाओं का मानदेय सात हजार रुपये मासिक करने, प्रमोशन देने, ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित करने, हॉट कुक का पैसा मातृ समिति के खाते में भेजने व समय से मानदेय दिलाने की मांग की है। इस दौरान जिलाध्यक्ष वेत्रलता शर्मा, संतोष देवी, विमलेश, पूनम, विनोद शर्मा, पुष्पा, सुमन, रुखसाना आदि मौजूद रहीं।