स्कूल खुलते ही बच्चों को बांटी गईं किताबें
बिजनौर । ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद शनिवार को जिले के परिषदीय स्कूल खुले। स्कूलों में चहल पहल भी बढ़ी। पर बच्चों की संख्या कम रही। स्कूलों में साफ सफाई कराई गई। डीएम जगतराज, सीडीओ डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने नगर क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय मिर्दगान पहुंच कर बच्चों को किताबें वितरित की। जिले के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा सात और आठ के बच्चों को शिक्षा विभाग के अफसरों ने किताबें बांटी।
डीएम ने पांच जुलाई को जिले के स्कूलों में पौधारोपण करने का आह्वान भी किया। सीडीओ डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बच्चों को पाठयक्रम के अनुसार अच्छी शिक्षा देने पर जोर दिया। शिक्षक सुहेल अख्तर बेग के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में बीएसए महेश चंद्र, शिक्षक सलीमुददीन सहित कई अभिभावक भी मौजूद रहे। ब्लॉक मोहम्मदपुर देवमल के उच्च प्राथमिक विद्यालय जमालपुर पठानी में बीईओ अजय कुमार ने बच्चों को पुस्तकें वितरित की। वरिष्ठ एबीआरसी आदर्श कुमार गुप्ता भी मौजूद रहे। उन्होंने ब्लॉक के संकुल प्रभारियों से न्याय पंचायत के स्कूलों में पुस्तक वितरण में गति लाने के निर्देश दिए हैं। उधर, पुस्तक पटल देख रहे जिला समन्वयक निर्माण सलीम अख्तर बेग ने ब्लॉक अफजलगढ़ के उच्च प्राथमिक विद्यालय नाबका, नारायणवाला और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय कल्लू वाला में नि:शुल्क पुस्तक वितरण कराया।