योग दिवस पर गांवों में भी लगेगी योग की क्लास
अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर । योग दिवस पर 21 जून को इस बार गांवों में भी योग की क्लास लगेंगी। नेहरू युवा केंद्र की ओर से गठित युवा मंडल गांव वालों विशेषकर युवाओं को योग कराएंगे। योग में महिलाओं की भी सहभागिता तय की जाएगी। इसके लिए विभाग ने युवा मंडल के अध्यक्षों और सदस्यों को योग का प्रशिक्षण दिया है।
देहात में युवाओं को जागरूकता कार्यक्रमों से जोड़ने के लिए यूथ क्लब संचालित होते हैं। ये क्लब देहात में कन्या भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा, नशा आदि के खिलाफ अभियान चलाते हैं। समय-समय पर शासन की ओर से इनके लिए बजट भी भेजा जाता है। अब यूथ क्लब गांव वालों को भी योग से जोड़ेंगे। योग दिवस पर युवा मंडल भी गांवों में योग की क्लास लगाएंगे। इसके लिए नेहरू युवा केंद्र ने जिले भर में 451 युवा मंडलों का गठन किया है। यूथ मंडल के अध्यक्षों और सदस्यों को नेहरू युवा केंद्र की ओर से प्रशिक्षण भी दिया गया है। जिला नेहरू युवा केंद्र समन्वयक संजीव कुमार के अनुसार जिले में 451 यूथ मंडलों की स्थापना की गई है। यूथ मंडल गांवों में योग दिवस पर योग की क्लास लगाएंगे। इसके लिए अध्यक्षों और सदस्यों को ट्रेनिंग दिलाई गई है। इसके अलावा नेहरू स्पोर्ट्र्स स्टेडियम और हर ब्लॉक पर भी योग कराया जाएगा।