बिजनौर। परिषदीय स्कूलों में बच्चों के परीक्षाफल से स्कूलों का ग्रेड तय किया जाएगा। शासन ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। स्कूलों की ग्रेड के लिए कक्षा एक से आठ तक के बच्चों की परीक्षा कराई जाएगी। बेसिक शिक्षा विभाग ने बच्चों की परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है।
परिषदीय स्कूलों में अब शिक्षा का माहोल बनाने के लिए स्कूलों को ग्रेड देने का निर्णय लिया गया है। स्कूलों को ए, बी, सी व डी ग्रेड से जोड़ा जाएगा। इसके लिए कक्षा एक से आठ तक के बच्चों की परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा के तीन स्तर होंगे। जिसमें कक्षा एक व दो, दूसरे स्तर की परीक्षा में तीन, चार व पांच तथा तीसरी स्तर की परीक्षा में कक्षा छह, सात व आठ के बच्चे परीक्षा में बैठेंगे। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के निदेशक संजय सिंह ने स्कूलों को ग्रेड देने के लिए बीएसए को जनवरी के महीने में स्कूलों में बच्चों की परीक्षा कराने निर्देश दिए हैं। इसके लिए जिला व तहसील स्तर पर समिति का गठन भी किया जाएगा।
कक्षा एक व दो के छात्रों की परीक्षा हिंदी, अंग्रेजी व गणित, कक्षा तीन, चार, पांच में हिंदी, अंग्रेजी, गणित व पर्यावरण अध्ययन, कक्षा छह, सात व आठ में हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा कराई जाएगी। प्रश्न पत्रों की संख्या कक्षा एक व दो में 30, तीन में 40 तथा चार से अठ तक में प्रश्न की संख्या 50 होगी। सभी प्रश्न बहुविकल्पीय होंगे। परीक्षा के लिए जिला स्तर व तहसील स्तर पर समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं।
परीक्षा के बाद परीक्षाफल घोषित कर स्कूलों को ग्रेड दिया जाएगा। बेसिक शिक्षा विभाग ने बच्चों की परीक्षा कराने की तैयारी शुरू की है। खंड शिक्षा अधिकारी शिव कुमार ने शासन के आदेश की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि तहसील स्तर पर समिति गठित की जा रही। परीक्षा कराने के लेकर शिक्षकों ने भी अभी से तैयारी शुरू कर दी है।