धामपुर। उत्तर प्रदेशीय किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को किसानों की विभिन्न समस्याओं का निदान कराने की मांग को लेकर गन्ना समिति धामपुर के विशेष सचिव महीपाल सिंह यादव का घेराव किया। आरोप लगाया कि किसान वर्ष 2008 से गन्ना समिति की खाली पड़ी जमीन में किसान भवन का निर्माण कराने की मांग करते आ रहे है, लेकिन गन्ना विभाग कार्रवाई नहीं कर रहा है।
बुधवार को उत्तर प्रदेशीय किसान सभा के कार्यकर्ता गन्ना समिति के विशेष सचिव के कार्यालय में एकत्र हुए और सचिव का घेराव किया। उन्होंने कहा कि यदि नौ जून से पहले किसान भवन बनवाए जाने की उनकी मांग को नहीं माना गया तो आंदोलन किया जाएगा। कहा कि गन्ना समिति के सभी कंप्यूटरों को चीनी मिल में शिफ्ट करा दिया गया है, ऐसे में किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महीपाल सिंह यादव ने बताया कि गन्ना समिति स्तर से किसान भवन का निर्माण कराने के लिए तीन बार स्टीमेट तैयार कर गन्ना विभाग के माध्यम से शासन को भेजा जा चुका है, लेकिन शासन स्तर से ही अभी तक कोई जवाब नहीं आया है। इस दौरान नत्थू सिंह, डॉ. जसवंत सिंह, हरनाम सिंह, मेघराज सिंह, प्रेमकुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
उधर, उप गन्ना आयुक्त मुरादाबाद राजेश कुमार मिश्रा का कहना है कि आगामी गन्ने के सीजन में किसानों की समस्याओं का निदान समिति स्तर से होगा। किसान भवन के निर्माण का मामला गन्ना आयुक्त स्तर पर लंबित है। समिति के पास कर्मचारियों को वेतन देने के लिए धन नहीं है, ऐसे में किसान भवन का निर्माण कैसे कराया जा सकता है।