नजीबाबाद (बिजनौर)। पूर्ति निरीक्षक ने एक ग्राम प्रधान पर सरकारी सस्ता गल्ला का राशन न उठने देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
पूर्ति निरीक्षक अमित कुमार ने खलीलपुर के ग्राम प्रधान के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। बताया गया कि ग्राम पंचायत खलीलपुर के उचित दर विक्रेता ध्यान सिंह की दुकान 26 फरवरी को बहाल कर दी गई थी। इससे पहले मार्च 2018 का खाद्यान्न अलीपुरा के उचित दर विक्रेता उदयराज को दे दिया गया था। जिसे ग्राम पंचायत भवन खलीलपुर में रखवाया गया था। पूर्ति निरीक्षक का आरोप था कि खलीलपुर के उचित दर विक्रेता ध्यान सिंह ने वितरण के लिए खाद्यान्न उठाना चाहा, तो ग्राम प्रधान ने खाद्यान्न नहीं उठाने दिया। जिससे उपभोक्ताओं को खाद्यान्न वितरण नहीं हो पा रहा। थाना प्रभारी डीके धामा ने शिकायत की जांच कर कार्रवाई की बात कही।