बिजनौर। नवागंतुक जिलाधिकारी अटल कुमार राय ने पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने कहा कि जिले में अमन चैन बनाए रखना, जन समस्याओं का उचित व त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना व जिले को विकास के उच्चतम शिखर पर पहुंचाना ही उनकी प्राथमिकता रहेगी। जिलाधिकरी ने शासन की योजनाओं को अमली जामा पहनाने के लिए जनता का सहयोग मांगा।
नवागंतुक जिलाधिकारी अटल कुमार राय देहरादून, आगरा, बहराइच, लखनऊ आदि में विभिन्न प्रशासनिक पद पर तैनात रहे। आजमगढ़ के मूल निवासी अटल कुमार राय की जिलाधिकारी के रूप में यह पहली नियुक्ति है। पत्रकार वार्ता में उन्होंने बताया कि शासन की योजनाओं को प्राथमिकता व पारदर्शिता से लागू किया जाएगा। विकास कार्य मानक के अनुरूप होंगे। जनसमस्याओं का निपटारा समय से गुणवत्ता के साथ कराने में वह कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। जिले की समस्याओं व आवश्यकताओं का अध्ययन करके नई गतिशील रणनीति तय करनी है। वह जिले में नयापन लाने का प्रयास करेंगे। डीएम ने सीएम की सूचना तंत्र को मजबूत करने वाली आईजीआरएस योजना की भी चर्चा की है। प्रेसवार्ता में सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी, एडीएम वित्त व राजस्व सुरेंद्र राम व एडीएम प्रशासन मदन सिंह गर्ब्याल मौजूद रहे।