नजीबाबाद। पदभार संभालने के बाद नगरपालिका परिषद की चेयरपर्सन सबिया निशात ने सफाई और जलकल विभाग कर्मचारियों को कार्य के प्रति गंभीरता लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सफाई नायकों को सरकार के स्वच्छ भारत मिशन के प्रति लोगों को जागरूक बनाने के भी निर्देश दिए हैं।
नगरपालिका परिषद नजीबाबाद की चेयरपर्सन सबिया निशात ने शनिवार को कार्यालय परिसर में अपनी पहली बैठक में जलकल एवं सफाई विभाग कर्मचारियों को नगर की पेयजल आपूर्ति और सफाई व्यवस्था सुचारु रखने के सख्त निर्देश दिए। ईओ विनोद कुमार, पूर्व चेयरमैन मोअज्जम खां, जेई परवीन सिंह, मूलचंद पटेल की उपस्थिति में चेयरपर्सन ने सफाई नायकों को स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नगर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। सफाई नायकों की ओर से कई बस्तियों में सफाई और वाहन आने के बाद लोगों द्वारा सार्वजनिक रूप से गंदगी सड़कों पर फेंकने का आरोप लगाया। चेयरपर्सन ने गंदगी फेंकने वाले लोगों को चिह्नित करने को कहा। उन्होंने सुबह-शाम सड़कों और नालियों की सफाई के निर्देश दिए।
चेयरपर्सन ने नगरपालिका के जलकल विभाग को पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने, आने वाले गर्मी के मौसम में पेयजल उपलब्धता के लिए जनरेटर एवं अन्य व्यवस्थाएं सुचारु रखने को कहा। चेयरपर्सन ने प्रत्येक नलकूप के लिए एक अतिरिक्त पंप तैयार रखने के निर्देश दिए ताकि पंप खराब होने पर तत्काल दूसरे पंप से जलापूर्ति सुचारु रखी जा सके। उन्होंने सभी जनरेटरों की सर्विस कराने को कहा।
बैठक में जलकल विभाग की ओर से पंप ड्राइवर सुनील कुमार, सफाई विभाग की ओर से अनिल कुमार एवं सफाई नायक चमन, अरविंद सूद, रामपाल, पारस, त्रिलोक चंद, संतलाल सहित नगरपालिका कर्मचारी मौजूद थे।