दो सड़क हादसों में एक युवक की मौत
नांगलसोती/नजीबाबाद।
सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को बिजनौर स्थित एक प्राइवेट हास्पिटल में भर्ती कराया गया। उधर, नजीबाबाद-कोतवाली मार्ग पर कार और बाइक के बीच टक्कर में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
गांव सरायआलम निवासी संजीव कुमार (24) अपने साथी युवक विकास (21) के साथ बुधवार देर शाम बाइक से बिजनौर की ओर से वापस गांव लौट रहा था। खानपुर तिराहे के निकट किसी वाहन की चपेट में आ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया। जहां चिकित्सक ने घायल संजीव को मृत घोषित कर दिया। उधर, अस्पताल पहुंचे विकास के परिजनों ने विकास को बिजनौर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक संजीव कुमार के पिता प्रवीण कुमार की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मृतक संजीव के शव का पोस्टमार्टम कराया।
उधर, बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे कोतवाली मार्ग पर सिद्घबली विहार कॉलोनी के निकट कार और बाइक में टक्कर हुई। बाइक यूपी 20एसी 9634 पर सवार युवक शिवा पुत्र सुनील, विपिन पुत्र शिवकुमार, शिवा पुत्र अजय घायल हो गए। कार यूके 07बीके 6774 से बरेली जा रहा देहरादून निवासी संजय सक्सेना का परिवार घटना के बाद घटनास्थल पर ही रुक गया और घायल युवकों की मदद में जुट गया। उधर, सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा। संजय ने पुलिस को बताया कि बाइक बहुत तेजी में थी। उसके द्वारा कार रोक देने के बाद भी बाइक खड़ी कार में आकर तेजी से टकराई।