बोर्ड परीक्षा केंद्रों की आपत्तियों का निस्तारण
बिजनौर। जिला स्तरीय शिक्षा समिति ने बोर्ड परीक्षा केंद्रों की आपत्तियों का निस्तारण कर अंतिम मंजूरी के लिए बोर्ड कार्यालय इलाहाबाद को भेजी है। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में अलग-अलग तरह की 88 आपत्तियां मिली थीं। जिले में परीक्षा केंद्र बढ़ाने के बारे में भी सुझाव आए थे।
शासन ने इस बार परीक्षा केंद्रों का निर्धारण के लिए विद्यालयवार 40 सूचनाएं मांगी थीं। प्रत्येक सूचना के अंक तय थे। अंकों के आधार पर विद्यालयों की मेरिट बनी थी। मेरिट के आधार पर बोर्ड ने 114 बोर्ड परीक्षा केंद्र का निर्धारण किया है। इनमें 14 राजकीय, 65 सहायता प्राप्त, 35 वित्त विहीन विद्यालय हैं। बोर्ड ने वित्तविहीन स्कूलों का बडे़ पैमाने पर पत्ता काट दिया है। बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के बारे में सुझाव और आपत्तियां मांगी थीं। डीआईओएस राजेश कुमार के अनुसार 88 आपत्तियां मिली थीं। इनके निस्तारण के लिए डीएम की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिन केंद्रों पर निर्धारित संख्या से अधिक परीक्षार्थी आवंटित कर दिए गए थे, उन्हें समायोजित कर दिया गया है। दूरी के मामलों पर भी चर्चा हुई है। सभी प्रकरणों को निस्तारण निष्कर्ष के साथ बोर्ड दफ्तर के मुख्यालय इलाहाबाद को भेज दिया गया है।