नजीबाबाद। रेल से सफर करने वाले कारोबारियों और दैनिक यात्रियों ने नजीबाबाद स्टेशन से गुजरने वाली रनथ्रू ट्रेनों का स्टॉपेज नजीबाबाद में करने की मांग की है।
नजीबाबाद रेलवे स्टेशन उत्तराखंड की सीमा पर स्थित मुख्य रेलवे जंक्शन है। दोपहर से शाम तक लक्सर व हरिद्वार जाने वाली सीमित ट्रेनों के कारण कारोबारियों और दैनिक यात्रियों को लक्सर और सहारनपुर दिशा में आवागमन करने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्रीय रेल यात्रियों और कारोबारियों ने महाप्रबंधक रेलवे बड़ौदा हाउस दिल्ली और डीआरएम मुरादाबाद से नजीबाबाद से गुजरने वाली रनथ्रू ट्रेनों का जनहित में दो मिनट का नजीबाबाद में स्टॉपेज देने की मांग की है।
व्यापारियों शिव कुमार माहेश्वरी, शाहिद सिद्दीकी, नईम टाटा, नजर खां, आजाद, योगेंद्र कुमार ने जिन रनथ्रू ट्रेनों का नजीबाबाद में स्ट्रॉपेज देने की मांग की है उनमेें सप्ताह में एक दिन नजीबाबाद स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनें पाटलीपुत्र-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, दुर्गयाना एक्सप्रेस, अर्चना एक्सप्रेस, कोलकाता-नांगलडेम एक्सप्रेस शामिल हैं। सप्ताह में दो दिन रनथ्रू निकलने वाली ट्रेनों उपासना एक्सप्रेस, जलियावालाबाग एक्सप्रेस तथा सप्ताह में 5 दिन अप और डाउन लाइन से गुजरने वाली कुंभ एक्सप्रेस का भी नजीबाबाद में स्टॉपेज देने की मांग की गई है।
क्षेत्रीय कारोबारी व दैनिक यात्री कई वर्षों से नजीबाबाद से मुंबई के लिए सीधी ट्रेनें चलाने की मांग कर रहे हैं लेकिन अभी तक रेलवे से आश्वासन ही मिले हैं।