दो यूनियनों के बीच टकराव के हालात
नजीबाबाद।
हरिद्वार मार्ग पर नजीबाबाद से हरिद्वार के बीच मैक्स संचालन को लेकर दो यूनियन आमने-सामने हैं। पुलिस की सक्रियता से फिलहाल दोनों यूनियनों के बीच टकराव टल गया। मालगोदाम तिराहे से संचालित 60 मैक्स वाहनों का रीजन परमिट होने तथा वाहनों द्वारा कर चोरी का मामला एसपी सिटी के समक्ष उठ चुका है।
मालगोदाम तिराहा क्षेत्र से नजीबाबाद-हरिद्वार मार्ग पर डग्गामार वाहनों के संचालन को लेकर दो यूनियनों में टकराव की स्थिति है। सोमवार को दोनों यूनियन मैक्स संचालन को लेकर आमने-सामने आ गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पूर्व यूनियन अध्यक्ष मलखान सिंह और नई यूनियन के प्रशांत चौधरी पक्ष के बीच टकराव की स्थिति टल गई। एसपी संजीव त्यागी ने बिजनौर का कार्यभार संभालने के बाद नजीबाबाद से हरिद्वार मार्ग पर चलने वाली मैक्स वाहनों सहित सभी मार्गों पर चलने वाले डग्गामार वाहनों संचालन रुकवा दिया था। यूनियन अध्यक्ष मलखान सिंह, महबूब आलम सहित कई मैक्स वाहन स्वामियों ने ऑल इंडिया परमिट से वाहनों का संचालन होने की जानकारी दी थी। वाहनों का संचालन फिर से शुरू होने के बाद से नई यूनियन अस्तित्व में आई। नई यूनियन द्वारा मैक्स वाहनों का संचालन शुरू किए जाने के बाद से दोनों यूनियनों में तनातनी है।
उधर, ग्राम धनसीनी निवासी देवेंद्र सिंह ने कुछ समय पूर्व एसपी सिटी लक्ष्मी निवास मिश्र को हरिद्वार मार्ग पर चलने वाले 60 डग्गामार वाहनों की सूची सौंपी थी। देवेंद्र का आरोप है कि सूची में शामिल सभी वाहनों पर रीजन परमिट है। उत्तराखंड से संबंधित अधिकांश रीजन परमिट मैक्स वाहनों द्वारा यूपी को कर न देकर टैक्स चोरी की जाती है। ऐसे सभी वाहन अवैध रूप से संचालित हो रहे हैं। देवेंद्र ने एआरटीओ और पुलिस की मिलीभगत से नजीबाबाद के मालगोदाम तिराहा क्षेत्र और उसके आसपास से डग्गामार वाहनों की तीन अवैध अड्डे संचालित होने तथा रोडवेज बस स्टैंड मात्र 400 मीटर की दूरी पर स्थित होने की जानकारी देते हुए गैरकानूनी रूप से चल रहे डग्गामार वाहनों के संचालन पर रोक लगाने की मांग की।