डीएम से मिला कांग्रेसियों का प्रतिनिधिमंडल
बिजनौर। जिला कांग्रेस कमेटी ने चांदपुर में भाजपाइयों के चुनाव प्रचार का विरोध कर रहे एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष समेत दो युवकों को जेल भिजवाने के मामले को गंभीरता से लिया है। इसे लेकर कांग्रेसियों का प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिला और दोनों को निर्दोष बताते हुए रिहा कराकर मुकदमा एक्सपंज कराने की मांग की।
मंगलवार को जिलाध्यक्ष बाबू डूंगर सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में कांग्रेसियों का एक प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिला और ज्ञापन देकर बताया कि 24 फरवरी को चांदपुर नगर में नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के जिलाध्यक्ष उदय त्यागी और अर्पित त्यागी ने पुलवामा के शहीदों के सम्मान में प्रदेश के सत्ताधारी प्रचारकों द्वारा शहीदों के सम्मान के बजाए राजनीतिक प्रचार का विरोध किया। आरोप है कि भाजपा नेताओं ने उल्टे जिलाध्यक्ष के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराकर जेल भिजवा दिया। संगठन ने डीएम से मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। डीएम से मिलने वालों में जिला महासचिव मुनेश त्यागी, पूर्व विधायक सतीश कुमार गौतम, ब्लॉक अध्यक्ष गुलशन कुमार, हुमायूं बेग, मीनू गोयल, सीमा जाटव, रामपाल राठी, चौधरी अजित कुमार, साजिदा बेगम, बलराम सिंह, उमराव सिंह आदि शामिल रहे।